नाल्को के एल्युमिनियम उत्पादन में 19.4 प्रतिशत की वृद्धि
भुवनेश्वर, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। सरकारी स्वामित्व वाली नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (नाल्को) ने वर्ष 2009-10 में 4.31 लाख टन एल्युमिनियम का उत्पादन किया है। वर्ष 2008-09 में कंपनी का उत्पादन 3.61 लाख टन था। इस तरह इस वर्ष कंपनी के उत्पादन में 19.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
कंपनी की ओर से शनिवार को यहां जारी एक बयान में कहा गया है कि कोरापुट जिले के दामनजोड़ी स्थित उसकी एल्युमिना रिफाइनरी ने अब तक सर्वाधिक 15.92 लाख टन एल्युमिना हाइड्रेट का उत्पादन किया है। इसके पहले वर्ष 2005-06 में इस इकाई ने अपनी क्षमता का 101.05 प्रतिशत इस्तेमाल करते हुए 15.90 लाख टन का उत्पादन किया था।
बयान में कहा गया है कि रिफाइनरी के पास पंचपतमाली हिल्स पर स्थित कंपनी की बाक्साइट खदानों से 48.79 लाख टन बाक्साइट का उत्पादन हुआ है। अब तक इन खदानों का यह सर्वाधिक उत्पादन है। इसके पहले वर्ष 2005-06 में इन खदानों से 48.54 लाख टन बाक्साइट का उत्पादन हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications