शिव सेना के लिए गाएंगी लता मंगेशकर
मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र राज्य के गठन के स्वर्ण जयंती के अवसर पर शिव सेना द्वारा आयोजित एक समारोह में सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर विशेष रूप से तैयार राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण एक गीत गाएंगी।
शिव सेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने शनिवार को यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि जाने माने संगीत निर्देशक अनिल मोहिले ने यह गीत तैयार किया है।
उन्होंने कहा, "अनिल मोहिले संगीत के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान रखते हैं। हमने उनसे इस महत्वपूर्ण आयोजन के अवसर पर संगीत का जादू दिखाने का आग्रह किया है।"
बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स में आयोजित होने वाले इस समारोह में लता मंगेशकर के अलावा अन्य कई प्रसिद्ध गायक भी इसमें शिकरत करेंगे।
ठाकरे ने कहा कि समारोह के बाद संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन में शहीद हुए 105 शहीदों की याद में 'गर्ज जय जयकार' नाम से एक सीडी भी जारी की जाएगी।
ठाकरे से जब यह पूछा गया कि क्या इस कार्यक्रम में अमिताभ बच्चन या शाहरूख खान को भी आमंत्रित किया जाएगा तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र से प्यार करने वाले हर शख्स का इस समारोह में स्वागत किया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है और न ही टिकट का प्रावधान है।"
शिव सेना की ओर से उस दिन रक्त दान शिविर सहित कई अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications