पंजाब में सेवानिवृत्ति की उम्र नहीं बढ़ेगी
चण्डीगढ़, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब मंत्रिमंडल ने शनिवार को सर्वसम्मति से राज्य में सरकारी कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति की उम्र 58 से बढ़ाकर 60 वर्ष न करने का फैसला किया।
यह फैसला मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की अध्यक्षता वाली एक बैठक में लिया गया।
बैठक में सरकारी सेवा में प्रवेश की उम्र सीमा 35 से बढ़ाकर 37 वर्ष करने को मंजूरी दे दी गई है।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वह 58 वर्ष ही रहेगी।
गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने जनवरी में इस वर्ष सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को अपनी सेवा एक साल और बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था।
उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और उद्योग मंत्री मनोरंजन कालिया की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिश ने सभी सरकारी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की उम्र सीमा बढ़ाकर 60 वर्ष करने की सिफारिश की थी।
बहरहाल, बादल सरकार ने 22 जनवरी से 31 दिसम्बर के बीच सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए सेवा में एक साल विस्तार की पेशकश बहाल रखी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications