शाही इमाम ने की प्रधानमंत्री से मुलाकात
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। जामा मस्जिद के शाही इमाम अहमद बुखारी ने बाटला हाउस के कथित फर्जी मुठभेड़ के सिलसिले में शनिवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद आईएएनएस से बातचीत में इमाम बुखारी ने बताया कि प्रधानमंत्री से हुई 35 मिनट की मुलाकात के दौरान उन्होंने बाटला हाउस मुठभेड़ को फर्जी साबित करने वाले दस्तावेजी सबूत उन्हें दिखाए।
इस मुठभेड़ में इंडियन मुजाहिद्दीन के दो संदिग्ध आतंकवादी साजिद और आतिफ मारे गए थे। दोनों उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले थे।
बुखारी ने बताया, "मैंने प्रधानमंत्री को साजिद और आतिफ के पोस्टमार्टम रिपोर्ट दिखाए। इस रिपोर्ट के मुताबिक दोनों को बहुत करीब से गोली मारी गई थी। इससे पहले उन्हें घसीटा गया था और किसी कुंद वस्तु से मारा भी गया था। इस रिपोर्ट में यह जिक्र भी नहीं है कि किसकी गोली से दोनों की हत्या हुई।"
उन्होंने बताया कि सबूतों को देखकर प्रधानमंत्री भी आश्चर्य में पड़ गए। उन्होंने आश्वस्त किया है कि वह इस सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम से मुलाकात करेंगे और कार्रवाई करेंगे।
मुस्लिम युवाओं को पुलिस द्वारा निशाना बनाए जाने और आतंकवादी ठहराए जाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए बुखारी ने कहा, "यह रुकना चाहिए। कौन आतंकवादी है और कौन निर्दोष, इसका फैसला अदालत के हाथ में होना चाहिए। मैंने प्रधानमंत्री से इस संबंध में भी चर्चा की।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को उन्होंने जो दस्तावेजी सबूत दिखाए वह उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त किए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications