पाकिस्तान में 15 आतंकवादी ढेर
इस्लामाबाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कबायली इलाके में शनिवार को एक मुठभेड़ में कम से कम 15 आतंकवादी ढेर हो गए, जबकि इसमें एक सैनिक को भी जान गंवानी पड़ी।
समाचार एजेंसी डीपीए ने एक सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि यह मुठभेड़ ओराकजई जिले में हुई, जहां पिछले हफ्ते से सुरक्षा बलों ने अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी संगठन तालिबान और अलकायदा के खिलाफ अभियान चला रखा है।
अर्धसैनिक बल के प्रवक्ता मेजर फजलुर रहमान ने बताया कि तालिबानियों के एक गुट ने एक सैन्य काफिले पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें एक सैनिक मारा गया और छह जख्मी हो गए।
रहमान ने बताया कि सेना ने मोर्चा संभालते हुए आतंकी ठिकानों पर हेलीकाप्टर से हमले किए, जिसमें 15 से 20 आतंकी मारे गए।
दक्षिणी वजीरिस्तान जिले में सेना की कार्रवाई की वजह से ज्यादातर आतंकवादी ओराकजेइ इलाके में चले आए हैं। इसके चलते यह इलाका संघर्ष का केंद्र बन गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications