अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार का संकेत
वाशिंगटन, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका में मार्च में नई नौकरियों की संख्या में पिछले तीन वर्षो में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई। श्रम बाजार में आ रहे इस बदलाव से पिछले सात दशकों की सबसे भीषण मंदी से जूझ रही अमेरिकी अर्थव्यवस्था में आ रहे सुधारों के और व्यापक होने की उम्मीद है।
अमेरिकी श्रम विभाग द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार मार्च में 162,000 कामगारों को रोजगार मिला। रोजगार के क्षेत्र में पिछले पांच महीनों के दौरान यह तीसरी और मार्च 2007 के बाद से सबसे बड़ी वृद्धि है। नौकरियों की इस वृद्धि में जनगणना के लिए सरकार द्वारा भर्ती 48,000 अस्थाई कर्मचारी भी शामिल हैं। मार्च में अमेरिका की बेरोजगारी दर 9.7 प्रतिशत रही।
रोजगार उपलब्ध कराने वालों में विनिर्माण क्षेत्र, स्वास्थ्य क्षेत्र, अस्थाई सेवा उपलब्ध कराने वाली कंपनियां और भंडारण क्षेत्र प्रमुख हैं। यह अर्थव्यवस्था में विस्तार का संकेत है। बेरोजगारी की दर में कोई बदलाव तो नहीं हुआ है फिर भी मंदी के दौर में छंटनी का शिकार लोगों ने रोजगार की तलाश के लिए फिर से आवेदन भेजने शुरू किए हैं। यह प्रदर्शित करता है कि दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में वृद्धि जारी रहेगी।
परिवहन और भंडारण कंपनियों ने 7,800 नए रोजगार दिए हैं जो सितम्बर 2007 के बाद सबसे अधिक हैं। स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक सेवा कंपनियों ने मार्च में 37,000 भर्तियां की हैं जो अप्रैल 2008 के बाद सबसे अधिक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications