भारत दौरा गेथनर के लिए घर वापसी जैसा
वाशिंगटन, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी वित्त मंत्री टिमोथी गेथनर के लिए अगले सप्ताह का भारत दौरा एक मायने में घर वापसी जैसा होगा। गेथनर ने आरंभिक स्कूली शिक्षा भारत में ही हासिल की और क्रिकेट तथा बेसबाल खेलना सीखा।
गेथनर के पिता फोर्ड फाउंडेशन के उप आवासीय प्रतिनिधि के तौर नई दिल्ली में तैनात थे और फ्रेंड्स कालोनी में वर्ष 1968 और 1973 के बीच के अपने दिनों की स्मृति ताजा करते हुए वित्त मंत्री ने कहा, "यह मेरे लिए एक महान उपहार था और कम उम्र में भारत के बारे में जानकारी मिलना किसी भी अमेरिकी के लिए एक महान उपहार है।"
अपने दौरे से पहले गेथनर ने भारतीय मीडिया के चुनिंदा लोगों के समक्ष कहा कि एक विदेशी के रूप में यह देखकर कि भारत के लोग घोर गरीबी में कैसे जीवन बिताते हैं आप बहुत अधिक सीख सकते हैं लेकिन भारत के पास एक बहुत खुली गतिशील परंपरा है। यह एक अमेरिकी के लिए महान उपहार है।
गेथनर ने कहा, "यह देखना कि अमेरिका का दुनिया पर क्या प्रभाव है, अच्छा और कभी कभी यह उतना अच्छा नहीं होता। एक छोटे बच्चे के लिए यह बड़ा उपहार है। मैं भाग्यशाली था, मैंने न केवल क्रिकेट खेलना सीखा बल्कि मैंने बेसबाल भी खेलना सीखा।"
जब उनको क्रिकेट खेलने का सुझाव दिया गया तो उन्होंने कहा, "मैं क्रिकेट बहुत अच्छी तरह नहीं खेल सकता लेकिन मैं दोनों खेल सकता हूं।"
कई बार भारत की यात्रा कर चुके गेथनर ने कहा कि वह विकास कार्यो में लगे अपने अभिभावकों और उनके मित्रों के साथ ऐसे समय में बड़े हुए जब आशावाद और विकास का युग था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications