अमिताभ को इलाहाबाद का ब्रांड एंबेसडर बनाने की मुहिम
इलाहाबाद नगर निगम में कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी(भाजपा), बहुजन समाज पार्टी(बसपा) और समाजवादी पार्टी(सपा) के करीब 70 सभासदों ने मिलकर अमिताभ को अपने शहर का ब्रांड एंबेसडर बनाने के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है।
इन नेताओं का कहना है कि इस अभियान का मकसद अमिताभ को उनके जन्मभूमि के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का एहसास कराना है। कांग्रेस की सभासद मुमताज अंसारी का कहना है कि अगर अमिताभ गुजरात के ब्रांड एंबेसडर बन सकते हैं तो उन्हें वही काम इलाहाबाद के लिए करने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अंसारी ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि बच्चन गुजरात का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, जहां से उनका कोई लेना देना नहीं है लेकिन इलाहाबाद से तो उनका मजबूत रिश्ता है। वह 'छोरा गंगा किनारे वाला' भी कहे जाते हैं।
कांग्रेस के एक अन्य सभासद उपेंद्र सिंह ने कहा, "सबसे पहले अमिताभ जी की लोकप्रयिता का लाभ यहां के पर्यटन को मिलेगा। पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होगा और इलाहाबाद को भारी राजस्व की प्राप्ति होगी। इसी तरह दूसरे क्षेत्रों को भी महानायक के जुड़ने से लाभ मिलेगा।"
इन नेताओं की ओर से गुरुवार को शुरू की गई इस मुहिम में सामाजिक संगठन भी शामिल हो गए हैं। अगले दो-तीन दिनों में सभासदों द्वारा हस्ताक्षरित पत्र अमिताभ को भेजा जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications