हेडली से सीधी पूछताछ पर अब तक कोई निर्णय नहीं: अमेरिका
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका ने पाकिस्तानी मूल के संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली के बारे में भारत के साथ पूरी सूचनाएं साझा करने के अपने रुख को दोहराते हुए कहा है कि हेडली से नई दिल्ली की सीधी पूछताछ के संदर्भ में फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है।
दक्षिण एशिया और मध्य अफ्रीका मामलों के अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री रॉबर्ट ब्लेक ने गुरुवार को संवादाताओं से कहा, "हम समझते हैं कि हेडली के पास ऐसी बहुत सारी जानकारियां हैं जो भारत के हित से जुड़ी हैं क्योंकि वह भारत में कई जगहों की टोह ले रहा था।"
उन्होंने कहा, "हेडली के संदर्भ में भारत की रुचि होना स्वभाविक है। हम इस बारे में भारत के साथ सूचनाओं को साझा करने के भी इच्छुक हैं।"
ब्लेक ने कहा, "बहरहाल, डेविड होली के साथ भारत की सीधी पूछताछ के बारे में फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया गया है। आप जानते हैं कि अमेरिका का न्याय विभाग ऐसे किसी भी सहयोग के बारे में भारत के साथ चर्चा कर रहा है। परंतु अभी इस बारे में कोई फैसला नहीं हो सका है।"
पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से ताल्लुक रखने वाला हेडली मुंबई हमलों का प्रमुख आरोपी है। उसने पिछले दिनों अमेरिका की अदालत के समक्ष इस आरोप को स्वीकार कर लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications