ईरान से समझौता न करें भारत और पाक : अमेरिका
वाशिंगटन, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका, भारत और पाकिस्तान को ईरान के साथ ऐसे मौके पर गैस पाइपलाइन जैसे समझौते नहीं करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है, जबकि वह उसके परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ स्वयं संवेदनशील वार्ता में जुटा हुआ है।
अमेरिका में दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के सहायक मंत्री रॉबर्ट ब्लेक ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि अमेरिका ने पाकिस्तान सरकार में शामिल अपने दोस्तों को विकल्प ढूंढने के लिए प्रोत्साहित किया है।
वह संवाददाताओं को भारत, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के अपने दौरे की जानकारी दे रहे थे।
यह पूछने पर कि क्या पाकिस्तान द्वारा ईरान के साथ गैस पाइपलाइन समझौते पर हस्ताक्षर करने के मामले पर इस्लामाबाद में चर्चा हुई, ब्लेक ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तानियों को बताया कि लोग लंबे अर्से से इस पाइपलाइन की चर्चा करते आ रहे हैं लेकिन लगता है कि इसमें वास्तव में पाइपलाइन बनने तक लगातार बहुत चुनौतियां बनी रहेंगी।
उन्होंने कहा, "इसलिए हमने पाकिस्तान सरकार में अपने मित्रों को प्रोत्साहित किया है कि वे विकल्प तलाशने की कोशिश करें।" उन्होंने कहा कि ईरान सरकार के बारे में अमेरिका की चिंताओं से सभी अवगत हैं।
भारत द्वारा ईरान के साथ तीन साल के अर्से बाद ईरान-पाकिस्तान-भारत गैस पाइपलाइन के बारे में वार्ता बहाल करने की योजना के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि भारत पर भी यही बात लागू होती है।
उन्होंने कहा, "ईरान के साथ बातचीत करने के लिए यह समय बहुत संवेदनशील है और सभी देशों से हम चाहेंगे कि वे ईरान के साथ इस समय ऐसे सौदे न करें। इसकी वजह मैं पहले ही बता चुका हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications