राज्यसभा सीट के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस में खींचतान
प्रदेश से राज्यसभा सांसद व कांग्रेस नेता मोहसिना किदवई का कार्यकाल पूरा होने वाला है और इस पर राज्य के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं की नजर है।
इस सीट से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के कुछ समर्थक उनके बेटे अमित जोगी को राज्यसभा में भेजने के लिए अभियान चला रहे हैं, हालांकि जोगी परिवार इस तरह के किसी भी मुहिम में शामिल होने से इंकार कर रहा है।
दरअसल, कांग्रेस के कुछ युवा नेता अमित जोगी को पार्टी का राज्यसभा उम्मीदवार बनाना चाहते हैं। कांग्रेस नेता बिपिन कुसुलिया ने इस संबंध पार्टी महासचिव राहुल गांधी को पत्र लिखकर कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे अमित जोगी उपयुक्त उम्मीदवार हैं।
राहुल गांधी को भेजे पत्र में युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के नेताओं ने हस्ताक्षर किए हैं। बुधवार को यह पत्र मीडिया को भी मुहैया कराया गया।
उधर, अजीत जोगी के राजनीतिक सचिव शैलेश नीतिन त्रिवेदी ने मीडिया संगठनों को फैक्स भेजकर कहा कि बिपिन को जोगी परिवार की ओर से वक्तव्य जारी करने का अधिकार नहीं है और उन्होंने पत्र की वैधता पर भी सवाल उठाया।
इस पूरे घटनाक्रम के संबंध में अमित जोगी ने बिलासपुर से टेलीफोन पर आईएएनएस से कहा, "राज्यसभा भेजने को लेकर चलाए जा रहे अभियान की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं। बिपिन ने इस संबंध में अपनी सीमाओं को लांघा है। मेरे परिवार का इस व्यक्ति और उसके प्रचार से कुछ लेना-देना नहीं है।"
जहां एक ओर जोगी परिवार इस पूरे घटनाक्रम से खुद को दूर रखने की कोशिश कर रहा है वहीं राज्य के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने इसे 'जोगी परिवार द्वारा सोच-समझ कर उठाया गया कदम' करार दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications