रूस में धमाके,नौ की मौत

रूस के उत्तरी कॉकसस के डागेस्तान इलाक़े में दो बम धमाके हुए हैं जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है.
धमाका किज़लियार कस्बे में हुआ. पहला धमाका आंतरिक मामलों के मंत्रालय और एफ़एसबी कार्यालाय के पास हुआ. जबकि दूसरा धमाका बीस मिनट बाद उसी गली में हुआ.
अभी हमलों के बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं मिली है.
दो दिन पहले 29 मार्च को ही रूस की राजधानी मॉस्को में आत्मघाती हमलावरों ने मेट्रो में विस्फोट किया था जिसमें 39 लोग मारे गए थे.
पहला धमाका मॉस्को के बीचोंबीच स्थित लुबयांका स्टेशन पर हुआ था जबकि दूसरा धमाका पार्क कुलतुरी स्टेशन पर किया गया था.
रूस ने इसे चरमपंथी हमला करार दिया था. अधिकारियों ने दावा किया था कि महिला आत्मघाती हमलावरों ने ये हमले किए.
रूसी ख़ुफ़िया एजेंसी एफ़एसबी के प्रमुख ने मॉस्को हमले के बाद कहा था कि ये धमाके उत्तरी कॉकसस के इस्लामिक विद्रोहियों का काम हो सकता है.
उत्तरी कॉकसस में चेचन्या और इंगुशेतिया शामिल हैं. इन इलाक़ों के अलगाववादी वर्षों से आज़ादी के लिए संघर्ष कर रहे हैं.












Click it and Unblock the Notifications