हैदराबाद में स्थिति शांतिपूर्ण, कर्फ्यू जारी
पुलिस के अनुसार दक्षिणी जोन के 17 थानाक्षेत्रों से सोमवार रात के बाद से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है जहां तीसरे दिन लगातार साम्प्रदायिक हिंसा जारी रहने के बाद शाम सात बजे अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया था।
हुसैनी आलम के मूसाबावली क्षेत्र में शनिवार को भड़की साम्प्रदायिक हिंसा की वजह से अब तक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और 80 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जबकि कई धार्मिक स्थलों पर हमला किया गया तथा वाहन फूंक डाले गए।
सोमवार दोपहर कई इलाकों में उपद्रवी भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने कर्फ्यू लगा दिया। पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में सैकड़ों पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में दसवीं की परीक्षा स्थगित कर दी है। इन छात्रों की परीक्षा बाद में ली जाएगी।
पिछले तीन दिनों से जारी हिंसा और कर्फ्यू की स्थिति की वजह से लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने कुछ डेयरी फार्म्स के साथ मिलकर कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में मंगलवार सुबह दूध की आपूर्ति की। महिलाओं को जरूरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए घरों से निकलने की इजाजत दी गई।
पुलिस ऐतिहासिक चार मीनार क्षेत्र के आसपास के संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर रखे हुए है। पुलिस आयुक्त ए.के.खान के अनुसार कर्फ्यू में किसी किस्म की ढील का फैसला हालात का जायजा लेने के बाद किया जाएगा।
सिकंदराबाद और साइबराबाद से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है हालांकि वहां निषेधाज्ञा जारी है।
मुख्यमंत्री के. रोसैया ने स्थिति की समीक्षा के लिए सुबह 11बजे एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications