भारत ने ओमान, मालदीव से आगे नौकाओं पर लगाया प्रतिबंध (लीड-2)
जहाजरानी निदेशालय ने मुंबई में एक बयान में कहा कि सात भारतीय नौकाएं- एमएसवी अल कादरी, एमएसवी अल इजाज, एमएसवी फैज-ए-उस्मान, एमएसवी सी क्वीन, एमएसवी नरनारायण, एमएसवी विश्व कल्याण और एमएसवी कृष्ण ज्योत के लापता होने की खबरें हैं और आशंका है कि अदन की खाड़ी में सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने इनका अपहरण कर लिया है।
बयान में कहा गया कि पिछले कुछ दिनों में सात भारतीय जहाजों का 97 नाविकों के साथ अपहरण किया गया। परंतु निश्चित आंकड़ा अभी भी उपलब्ध नहीं है।
आरंभिक आंकड़ों के अनुसार 120 भारतीय नाविकों के अपहरण की खबरें सामने आईं थीं। ये नाविक गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्रों के हैं और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जा रहे थे।
उधर भारतीय नौसेना ने जहाजरानी महानिदेशालय से सोमालिया के तट से 120 भारतीय नाविकों के कथित अपहरण के सिलसिले में रिपोर्ट मांगी है।
अधिकारी ने यहां बताया, "हमने 120 भारतीय नाविकों के कथित अपहरण के बारे में सुना है और इस बारे में जहाजरानी महानिदेशालय से रिपोर्ट मांगी गई है।"
इससे पहले खबरों में बताया गया कि सोमालियाई समुद्री लुटेरों ने किसमायो तट के समीप आठ भारतीय नौकाओं पर कब्जा कर करीब 120 भारतीय नाविकों को अगवा कर लिया है। नाविक सोमालिया से दुबई जा रहे थे।
मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 28 मार्च की है।
इस बीच लुटेरों द्वारा अपहृत आठ में से एक नौका के साथ केन्याई नौसेना के संपर्क स्थापित होने के बाद वह संभवत: सेशेल्स तट के पास पहुंच चुकी है। अन्य नौकाएं भी सेशेल्स के पास देखी गई हैं।
सोमवार को मुंबासा के एक नौवहन अधिकारी के हवाले से कहा गया था कि सोमालियाई लुटेरों ने चालक दल के 24 सदस्यों वाले यूएई के एक मालवाहक जहाज पर कब्जा कर लिया है।
'ईस्ट अफ्रीकन सीफार्स अस्सिटेंस प्रोग्राम' के एंड्रयू म्वांगुरा ने बताया कि पनामा के ध्वज वाला आईसबर्ग इंटरनेशनल लिमिटेड का 'आईसबर्ग' अदन से संयुक्त अरब अमीरात जा रहा था। उस पर मैकेनिकल उपकरण लदे थे।
उल्लेखनीय है कि सोमालिया के तट के समीप जहाजों के अपहरण की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। इससे पहले भी लुटेरे कई बार भारतीय जहाजों पर हमले कर चालक दल के सदस्यों को बंधक बना चुके हैं।
गत 23 दिसंबर को एमटीए नाम के एक भारतीय जहाज पर लुटेरों ने हमला किया था। इसके 41 सदस्यीय चालक दल के सदस्यों द्वारा मुकाबला किए जाने के बाद अपहरण की कोशिश नाकाम हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications