सानिया का परिवार और शोएब अप्रैल में विवाह के लिए तैयार (लीड-1)
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट कप्तान शोएब मलिक से अप्रैल में विवाह से पहले सानिया मिर्जा और उनके परिवार के सदस्यों ने मंगलवार को पाकिस्तानी वीजा हासिल कर लिया।
सानिया की मां नसीमा ने कहा कि उनका परिवार लाहौर जाने की तैयारी में है जहां अगले महीने विवाह संपन्न होने की उम्मीद है। हैदराबाद में 15 अप्रैल को रिसेप्शन की योजना है।
सानिया आज यहां से अपने घर हैदराबाद के लिए रवाना हो गईं, वहीं लाहौर में शोएब ने पत्रकारों से कहा कि विवाह की तिथि दोनों परिवारों की सहमति से तय होगी।
शोएब ने कहा, "इंशा अल्लाह हमारा विवाह शीघ्र ही होगा। हम (सानिया और मैं) बहुत खुश हैं। हमारे परिवार भी बहुत खुश हैं।"
यह पूछे जाने पर कि वे कब विवाह करेंगे शोएब ने कहा, "यह अगले महीने किसी समय होगा।"
नई दिल्ली में सानिया की मां नसीमा मिर्जा ने कहा, "हमें पाकिस्तान का वीजा मिल गया है। स्वाभाविक है हम पाकिस्तान जाएंगे। हम सभी सानिया को लेकर बहुत खुश हैं।"
इससे पहले पाकिस्तानी दूतावास के एक अधिकारी ने 23 वर्षीय सानिया, उनके अभिभावकों और छोटी बहन का वीजा आवेदन मंगलवार को प्राप्त होने की पुष्टि की थी।
उन्होंने कहा, "उनको वीजा जारी किया जा रहा है।"
उधर, शोएब के परिवारवालों के भी भारतीय वीजा के लिए आवेदन करने की खबरें मिल रही हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शादी के बाद यह युगल दुबई में अपना आशियाना बनाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications