हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर का सफल परीक्षण
बेंगलुरू, 30 मार्च (आईएएनएस)। सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा घरेलू स्तर पर निर्मित हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीएच) के प्रोटोटाइप का सफल परीक्षण संपन्न हो गया। यह जानकारी एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को दी।
एचएएल के प्रबंध निदेशक अशोक नायक ने आईएएनएस को बताया, "एलएचसी की प्रारंभिक उड़ान सोमवार की शाम सफल रही। यद्यपि यह एक छोटी उड़ान थी जो कि लगभग 20 मिनट में संपन्न हो गई, लेकिन इसका प्रदर्शन अच्छा रहा।"
5.5 टन वजन वाला यह लड़ाकू हेलीकॉप्टर एचएएल के आधुनिक हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच), ध्रुव का एक संशोधित संस्करण है।
नायक ने कहा, "हम विभिन्न ऊंचाइयों और हालातों में इसके विभिन्न मानदण्डों के मूल्यांकन के लिए और परीक्षण करेंगे। हम बेहतर कौशल के लिए इसका वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं।"
यह हेलीकॉप्टर 6,000 मीटर या 18,000 फुट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है।
इस नमूना हेलीकॉप्टर ने एचएएल द्वारा फ्रेंच कंपनी, टर्बोमेका के साथ मिल कर तैयार किए गए शक्ति इंजन के साथ उड़ान भरा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications