राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अंग्रेजी सीखेंगे होमगार्ड
आमिर नौशहरी और श्वेता श्रीनिवासन
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों के लिए दिल्ली के होमगार्ड कड़ी मेहनत कर रहे हैं और उनकी कार्यसूची में केवल सुरक्षा ही नहीं है। उनके लक्ष्य में सबसे ऊपर अंग्रेजी भाषा में निपुणता हासिल करना है जिससे वे विदेशी खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों से धाराप्रवाह संवाद कर सकें।
उम्मीद है कि तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले खेलों के दौरान आम अभिवादन से लेकर संपूर्ण चर्चा और प्रतिनिधियों का अंग्रेजी में मार्गदर्शन करने जैसे सभी कार्य होमगार्ड करेंगे।
दिल्ली होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा के संयुक्त निदेशक एम.एस.उपाध्ये ने आईएएनएस से कहा कि करीब 500 होमगार्ड स्वयंसेवक राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान काम करेंगे। अंग्रेजी बोलने का पाठ्यक्रम यह सुनिश्चित करेगा कि उन्हें विदेशी खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों से संवाद करने में कोई समस्या न हो, क्योंकि अधिकांश प्रतिभागी अंग्रेजी बोलने वाले देशों से होंगे।
खेलों के दौरान विभिन्न कामों के लिए भारी संख्या में मानव संसाधन की मांग को देखते हुए होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा के करीब 500 स्वयंसेवकों को ब्रिटिश लैंग्वेज इंस्टीट्यूट के विशेषज्ञ 20 दिनों का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
उपाध्ये ने कहा कि खेलों के दौरान चालकों, कंप्यूटर संचालकों और अन्य जरूरतों के लिए स्वयंसेवकों की आवश्यकता होगी।
एक होमगार्ड स्वयंसेवक रईस अहमद ने आईएएनएस को बताया, "पाठ्यक्रम में शामिल होने से पहले मैं अंग्रेजी बोलने में हिचकता था। अब मैं हर हफ्ते होने वाली अभ्यास परेड में विश्वास के साथ माइक्रोफोन पर पूरे दर्शकों के सामने बोल सकता हूं।"
अब तक इस तरह के दो प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं और 200 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। आने वाले महीनों में करीब 1,000 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे किसी भी आवश्यकता से निपटा जा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications