हैदराबाद के कर्फ्यू वाले इलाकों में छिटपुट हिंसा (लीड-1)
हैदराबाद, 30 मार्च (आईएएनएस)। हैदराबाद के दंगाग्रस्त पुराने शहर में मंगलवार को हिंसा की छिटपुट घटनाओं को छोड़कर स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही जबकि सोमवार रात को लगा अनिश्चितकालीन कर्फ्यू जारी रहा। तनाव उत्पन्न होने के बाद से विभिन्न घटनाओं के सिलसिले में 100 से ज्यादा लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
ऐतिहासिक चार मीनार के समीप गुलजार हौज और शहाली बांदा के कर्फ्यू वाले इलाकों में पथराव की इक्का-दुक्का घटनाएं हुईं, लेकिन पुलिस ने लाठी चार्ज और शरारती लोगों को गिरफ्तार कर हालात पर काबू पा लिया।
पुलिस के अनुसार दक्षिणी जोन के 17 थानाक्षेत्रों से सोमवार रात के बाद से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है जहां तीसरे दिन लगातार साम्प्रदायिक हिंसा जारी रहने के बाद शाम सात बजे अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया था।
इसबीच, कर्फ्यू वाले पुराने शहर के बाहर मुशीराबाद क्षेत्र में दो गुटों के बीच झड़पों के बाद तनाव फैल गया। एक धार्मिक शोभायात्रा के दौरान एक गुट द्वारा कथित तौर पर पथराव किए जाने से कम से कम 10 लोग घायल हो गए।
हनुमान जयंती के मौके पर पुराने शहर में पुलिस ने किसी भी समूह को शोभायात्रा निकालने की इजाजत नहीं दी थी, लेकिन हैदराबाद के कुछ इलाके में शोभा यात्राएं निकाली गईं।
हुसैनी आलम के मूसाबावली क्षेत्र में शनिवार को भड़की साम्प्रदायिक हिंसा की वजह से अब तक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और 80 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जबकि कई धार्मिक स्थलों पर हमला किया गया तथा वाहन फूंक डाले गए।
सोमवार दोपहर कई इलाकों में उपद्रवी भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने कर्फ्यू लगा दिया। पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में सैकड़ों पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में दसवीं की परीक्षा स्थगित कर दी है। इन छात्रों की परीक्षा बाद में ली जाएगी।
पिछले तीन दिनों से जारी हिंसा और कर्फ्यू की स्थिति की वजह से लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने कुछ डेयरी फार्म्स के साथ मिलकर कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में मंगलवार सुबह दूध की आपूर्ति की। महिलाओं को जरूरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए घरों से निकलने की इजाजत दी गई।
पुलिस ऐतिहासिक चार मीनार क्षेत्र के आसपास के संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर रखे हुए है। पुलिस आयुक्त ए.के.खान ने संवाददाताओं को बताया कि स्थिति शांतिपूर्ण है लेकिन मंगलवार को कर्फ्यू में किसी किस्म की ढील देने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि कर्फ्यू में ढील देने का कोई भी फैसला बुधवार को हालात का जायजा लेने के बाद किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दंगों के जिम्मेदार लोगों की शिनाख्त के लिए पुलिस ने 10 दल बनाए हैं। उन्होंने बताया, "अब तक विभिन्न घटनाओं के सिलसिले में 110 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं और दोषियों की पहचान के लिए उनसे पूछताछ की जा रही है।"
सिकंदराबाद और साइबराबाद से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है हालांकि वहां निषेधाज्ञा जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications