उप्र में विधायक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
गोरखपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक असीम अरुण ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि फरार विधायक की तलाश में उनके गोरखपुर, लखनऊ, देवरिया में संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई है लेकिन विधायक और उनके सहयोगियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। उन्होंने कहा, "हमारी टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, जल्द ही विधायक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
अरुण ने कहा कि एक पुलिस टीम लखनऊ में विधायक के सरकारी आवास और अन्य संभावित स्थानों पर नजर रखे हुए है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक विधायक के नेपाल भागने की आशंका के चलते जिले की नेपाल सीमा पर भी पुलिस दल तैनात कर दिए गए हैं।
गोरखपुर के सहजनवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक रावत पर आरोप है कि उन्होंने अपने चार सहयोगियों के साथ मिलकर भीटी निवासी ठेकेदार विजय रावत की गत 20 मार्च को गोली मार कर हत्या कर दी थी।
इस मामले में दो चश्मदीदों के बयान के आधार पर पुलिस ने रावत व उनके तीन सहयोगियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक विधायक और ठेकेदार के बीच 20 साल पुरानी पारिवारिक दुश्मनी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications