मृत्युदंड की सजा पाए 17 भारतीयों की मदद करेगी सरकार (लीड-2)
केरल के त्रिशूर में मौजूद प्रवासी मामलों के मंत्री व्यालर रवि ने सोमवार को फोन पर आईएएनएस को बताया कि सरकार ने शारजाह में अपने महावाणिज्य दूत को भेजे लिखित संदेश में कहा है कि इन लोगों को सभी कानूनी मदद मुहैया कराई जाए।
रवि ने कहा, "हमने सचिव से इस मामले की रिपोर्ट मांगी है। उन लोगों की हरसंभव मदद की जाएगी।"
उल्लेखनीय है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में जनवरी 2009 में अवैध शराब के कारोबार को लेकर हुए विवाद के बाद एक पाकिस्तानी नागरिक की हत्या और तीन अन्य लोगों को घायल करने के मामले में शारजाह की एक अदालत ने रविवार को 17 भारतीयों को मौत की सजा सुनाई थी।
यह घटना शारजाह के अल साजा इलाके में हुई थी।
समाचार पत्र 'खलीज टाइम्स' ने अपनी वेबसाइट पर खबर दी है कि डीएनए परीक्षण जैसे सबूतों के बाद न्यायाधीश यूसुफ अल हमादी ने इन लोगों को सजा सुनाई।
पुलिस के अनुसार, पाकिस्तानी नागरिक पर चाकू से कई वार किए गए थे और उसके मस्तिष्क में भी चोट लगी थी जिससे उसकी मौत हो गई थी।
इन सभी ने मृतक के तीनों साथियों को भी मारने की कोशिश की थी लेकिन वह बच निकले। सजा पाने वाले भारतीयों की उम्र 17 से 30 साल के बीच है।
बच निकले तीनों पाकिस्तानी नागरिकों के अनुसार उन पर 50 लोगों ने चाकुओं से हमला किया था।
पुलिस ने हमले की अगुवाई करने वाले 17 लोगों को गिरफ्तार किया था। अन्य को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications