पुराने हैदराबाद में हिंसा की ताजा घटनाओं के बाद कर्फ्यू (लीड-2)
पुलिस आयुक्त ए.के.खान ने बताया है कि सोमवार शाम सात बजे से दक्षिणी जोन के तहत आने वाले 17 पुलिस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू हो गया है।
खान ने इन घटनाओं को पूर्वनियोजित बताया है और कहा है कि अब तक 70 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कर्फ्यू ऐसे समय में लागू किया गया, जब चंद घंटे पहले ही ऐतिहासिक चारमीनार के आसपास के इलाकों में हिंसा की दो ताजा घटनाएं घट गईं।
पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी उपस्थिति के बावजूद दंगाइयों का समूह सड़कों पर उतर आया और एक-दूसरे पर हमला बोल दिया।
हिंसा की घटनाओं के चलते ऐतिहासिक चारमीनार के आसपास स्थित बाजारों की दुकानें बंद हो गईं और लोग घबराए हुए अपने-अपने घरों की और भागे। सरकारी स्वामित्व वाले सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) ने भी चारमीनार-फलकनुमा रोड पर बसों का संचालन बंद कर दिया। यह सड़क इलाके की सबसे व्यस्त सड़क मानी जाती है।
सोमवार अपराह्न् शाहाली बंदा, मुगलपुरा, अलियाबाद, लाल दरवाजा, शमशीरगंज और ऐतिहासिक मक्का मस्जिद के पास अन्य मुहल्लों में हिंसा की खबरें मिली हैं।
शाहाली बंदा में उस समय हिंसा भड़क उठी, जब एक समूह ने एक पूजा स्थल पर हमले की कोशिश की। पुलिस को भीड़ पर रबर की गोलियां और आंसू गैस के गोले दागने पड़े तथा लाठीचार्ज करना पड़ा। आसपास के मुहल्लों से भी टकराव की खबरें मिली है, परिणास्वरूप पिछली देर रात्रि से इलाके में व्याप्त शांति फिर से भंग हो गई है।
हिंसा की ताजा घटनाएं ऐसे समय में घटी हैं, जब चंद घंटे पूर्व ही मुख्यमंत्री के.रोसैया ने राज्य विधानसभा में कहा कि दिल्ली और पड़ोसी राज्यों से अतिरिक्त बल हैदराबाद पहुंच रहे हैं। गृह मंत्री पी.सबिता इंद्रा रेड्डी ने हालात की समीक्षा के लिए जन प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
इसके पहले रेड्डी ने सोमवार सुबह पुराने शहर के हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा किया। उन्होंने सोमवार को विधानसभा में कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है।
शनिवार रात और रविवार की हिंसा में 60 लोग घायल हो गए थे। रविवार रात को भी कई इलाकों में झड़पें हुईं। पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक गिरीश कुमार ने रविवार देर रात हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
पुलिस ने पुराने शहर और हैदराबाद के कुछ संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू कर दी है। स्थिति तनावपूर्ण होने की वजह से उन छात्रों को समस्या आ रही है, जिनकी 10वीं की परीक्षा चल रही है।
उल्लेखनीय है कि शहर के मूसा बोवली, हुसैनी आलम, पुराना पुल, बेगम बाजार और आसपास के इलाकों में शनिवार को हिंसा भड़क उठी थी। इन इलाकों में दो समुदायों के बीच धार्मिक ध्वजों को लेकर उपजे विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications