एसआईटी द्वारा पूछताछ कठिन क्षण था : मोदी
नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2002 के गुजरात दंगे की जांच के सिलसिले में विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा पूछताछ की घटना को एक कठिन क्षण बताया है और उस कठिन क्षण में साथ खड़े रहने के लिए समर्थकों को धन्यवाद दिया है।
मोदी ने 28 मार्च को अपने ब्लाग में लिखा है, "सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त एसआईटी और उसकी मैराथन पूछताछ स्वाभाविक रूप से आपको चिंतित कर सकती है।"
मोदी से शनिवार को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त एसआईटी ने गांधीनगर स्थित मुख्यालय में नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। यह पूछताछ कांग्रेस के पूर्व सांसद एहसान जाफरी की विधवा की याचिका पर की गई है। एहसान जाफरी को वर्ष 2002 के दंगे के दौरान अहमदाबाद की गुलबर्ग सोसायटी में दंगाइयों ने मार डाला था। जाकिया जाफरी ने आरोप लगाया है कि गुजरात में भड़की सांप्रदायिक हिंसा में मुख्यमंत्री का हाथ था।
मोदी ने लिखा है कि वह कानूनी प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा है, "मैंने पूरी विनम्रता के साथ अपने देश के कानून का पालन करने की कोशिश की है और अपने आचरण के जरिए कानून के वर्चस्व का सम्मान किया है।"
मोदी ने पूछताछ के दौरान अपने समर्थकों की ओर से जाहिर की गई चिंताओं के लिए उनके प्रति आभार प्रकट किया है। मोदी ने लिखा है, "कल के कठिन क्षण के दौरान मेरे प्रति आप सभी ने जो सहानुभूति और चिंता जाहिर की है, उसके लिए मैं आप सभी को अपने हृदय की गहराई से धन्यवाद देता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications