रिक्शा चालकों ने की सड़क पर और जगह देने की मांग
नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। राजधानी में सोमवार को सैकड़ों रिक्शा चालकों ने रैली निकालकर गैर मोटर चालित और पर्यावरण के अनुकूल वाहनों के लिए सड़कों पर अधिक जगह मुहैया कराने की मांग की।
चिलचिलाती धूप में रिक्शा चालकों ने सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ रैली निकालकर तीन किलोमीटर तक मार्च किया। रैली लाल किले के परेड ग्राउंड से शुरू होकर राजघाट पर समाप्त हुई। रैली के दौरान रिक्शा चालक अपने हाथों में तख्तियां लिए हुए थे जिन पर लिखा था 'रिक्शा को बढ़ावा दो, उन पर प्रतिबंध मत लगाओ'।
गैर सरकारी संगठन 'मानुषी' की अध्यक्ष मधु पूर्णिमा किश्वर ने कहा, "रिक्शा ही यातायात का एक ऐसा साधन है जो गैर प्रदूषणकारी, सस्ता और टिकाऊ है। हम मांग करते हैं कि मोटरचालित वाहनों की तरह ही उन्हें भी लाइसेंस उपलब्ध कराया जाना चाहिए।"
रैली की शुरूआत करते हुए पंजाब पुलिस के पूर्व पुलिस महानिदेशक के.पी.एस. गिल ने कहा, "साइकिल रिक्शा और सड़क पर दुकान लगाने वालों की मदद से ही हमने पंजाब में आतंकवाद को पराजित किया था। पुलिस ने उनको 'आंख' और 'कान' के रूप में इस्तेमाल किया था।"
उन्होंने कहा कि पुलिस को उनको हटाने की बजाय उनके साथ सही तरीके से पेश आना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications