लाकहीड मार्टिन की वायुसेना को सर्वाधिक उन्नत एफ-16 की पेशकश
फोर्ट वर्थ (टेक्सास), 29 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना को 126 लड़ाकू विमानों की आपूर्ति का सौदा हासिल करने की होड़ में शामिल विमान निर्माण कंपनी लाकहीड मार्टिन ने कहा है कि एफ-16आईएन सुपर वाइपर अब तक बने लड़ाकू विमानों में सर्वाधिक उन्नत हैं और ये भारतीय वायुसेना (आईएएफ) को पांचवीं पीढ़ी के विमानों के संचालन के लिए सक्षम बनाएंगे।
यहां दौरे पर पहुंचे भारतीय पत्रकारों के एक दल से लाकहीड मार्टिन के उपाध्यक्ष (व्यापार विकास) ओरविले प्रिंस ने कहा, "यदि एफ-16 का चयन होता है, तो यह अब तक बनाया गया सबसे उन्नत विमान होगा। ऐसे विमान केवल यूएई की वायुसेना में शामिल हैं।"
उन्होंने कहा कि सुपर वाइपर आज के अंतर्राष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध सबसे अधिक उन्नत और सक्षम प्रौद्योगिकी है। यह चौथी पीढ़ी का बेहतरीन लड़ाकू विमान है जो युद्धक्षेत्र में हर कार्य करता है।
एफ-16 विमान और उसकी निर्माण सुविधा का यहां मूल्यांकन कर रहे आईएएफ के दल के प्रिंस ने इसके प्रदर्शन को अविश्वसनीय बताया। उनके अनुसार विमान की गति और इसकी रणनीतिक क्षमता उल्लेखनीय है।
उन्होंने कहा कि इस विमान का एपीजी-80 एईएसए (एडवांस एक्सटेंडेड सर्च एरिया) रडार आज अंतर्राष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध एकमात्र ऐसी सुविधा है।
प्रिंस ने कहा कि एईएसए रडार परिस्थिति के प्रति जानकारी, अत्यधिक स्पष्ट मैपिंग के साथ हवा में स्वत: ही एक साथ कई लक्ष्यों की पहचान करने के लिए अत्यधिक उपयोगी है।
इसके अलावा यदि भारत यह विमान खरीदेगा तो पांचवी पीढ़ी के लड़ाकू विमान एफ-35 के लिए विकसित कई नई तकनीकों का उपयोग इसमें किया जाएगा।
प्रिंस ने कहा कि इससे कुछ समय बाद यदि वायुसेना एफ-35 के की खरीद का निर्णय लेती है तो उसके संचालन में आसानी होगी।
भारतीय नौसेना ने पहले ही एफ-35 की कम रनवे से उड़ान भरने की खासियत को देखते हुए इसके बारे में सूचना देने का अनुरोध किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications