कश्मीर से सैनिकों की कोई बड़ी वापसी नहीं हुई : सेना
जम्मू, 29 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय सेना के एक अधिकारी ने सोमवार को कहा है कि जम्मू एवं कश्मीर से सैनिकों की कोई बड़ी वापसी नहीं हुई है।
एक संवाददाता सम्मेलन में सैनिकों की वापसी के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में 16वीं कोर के ब्रिगेडियर जनरल स्टाफ (बीजीएस), ब्रिगेडियर गुरदीप सिंह ने जम्मू के बाहरी हिस्से में नागरोटा स्थित मुख्यालय में कहा, "केवल सैनिकों का स्थान परिवर्तन और पुन: तैनाती का मामला है जो कि कुछ स्थानों पर जारी है। यहां से सैनिकों की कोई बड़ी वापसी नहीं हुई है।"
उल्लेखनीय है कि रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी, गृह मंत्री पी.चिदंबरम और राज्य सरकार कहती रही है कि जम्मू एवं कश्मीर से वर्ष 2009 में एक साल के भीतर लगभग 35,000 सैनिकों को वापस बुलाया जा चुका है।
गुरदीप सिंह ने कहा कि जम्मू क्षेत्र में, पीर पंजाल के दक्षिण में नियंत्रण रेखा के पार, 200-250 आतंकी भारत में घुसपैठ के इंतजार में हैं। सिंह ने कहा, "उन्हें रोकने के लिए हमारे सैनिक पूरी तरह सतर्क हैं और एलओसी पर समुचित निगरानी उपकरण तैनात किए गए हैं।" सिंह ने कहा कि इस वर्ष पाकिस्तान से एक भी आतंकी जम्मू क्षेत्र में घुसपैठ नहीं कर पाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications