हिमाचल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज
शिमला, 29 मार्च (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के खिलाफ एक युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने और घटनास्थल से सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया गया है।
शिमला के पुलिस अधीक्षक आर. एम. शर्मा ने सोमवार को आईएएनएस को बताया, "पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) प्रदीप कुमार सरपाल, उनकी पत्नी और उनके बेटे सिद्धार्थ सरपाल के खिलाफ रितु कालमाटिया को आत्महत्या के लिए उकसाने और बाद में घटनास्थल से सबूत मिटाने का मामला रविवार शाम को दर्ज किया गया।"
शर्मा ने बताया कि मामले की छानबीन करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय रितु ने रविवार को अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। जिस समय उसने आत्महत्या की वह घर में अकेली थी।
मृतका के माता-पिता का आरोप है कि सिद्धार्थ के परिवारवालों ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। वह सिद्धार्थ से प्रेम करती थी और उससे शादी करना चाहती थी लेकिन उसके परिवारवालों ने यह रिश्ता ठुकरा दिया था।
रितु के परिजनों ने बताया, "सिद्धार्थ ने अपने घरवालों की सहमति से किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली इस पर अगले ही दिन रितु ने यह कदम उठा लिया।"
मृतका के परिजनों का यह भी आरोप है कि सरपाल ने पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत मिटा दिए।
पुलिस अधीक्षक शर्मा ने कहा, "हम आरोपों की जांच कर रहे हैं।"
उधर, सरपाल का कहना है, "मेरे बेटे के साथ रितु की दोस्ती काफी समय पहले से थी। उसकी मां ने शादी का प्रस्ताव रखा था। हमने इस संबंध में ज्योतिषी से भी संपर्क किया लेकिन दोनों की कुंडली नहीं मिल रही थी। इसलिए हमने शादी से इंकार कर दिया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications