सिंधु नदी पर भारतीय परियोजनाओं से पाक चिंतित
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'डॉन' ने अपने ऑनलाइन संस्करण में सोमवार को इस संबंध में खबर प्रकाशित की। लाहौर में भारत और पाकिस्तानी अधिकारी सिंधु जल संधि पर बातचीत कर रहे हैं।
पाकिस्तानी दल ने बातचीत के दौरान कश्मीर में निमो बाजगो और छुतक विद्युत परियोजनाओं पर सवाल उठाया। दल ने कहा कि इन परियोजनाओं से पाकिस्तान में जलापूर्ति प्रभावित होगी।
तीन दिवसीय वार्षिक सिंधु जल संधि वार्ता रविवार से आरंभ हुई है। वार्ता में भारतीय दल का नेतृत्व जी.अरंगा नाथन कर रहे हैं, जबकि पाकिस्तानी दल का नेतृत्व सैयद जमात अली शाह कर रहे हैं।
नाथन ने निमो बाजगो विद्युत संयंत्र की निर्माण योजना और इसके मानचित्र पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंपा और उन्हें परियोजनाओं के निर्माण संबंधी तकनीक के बारे में भी जानकारी दी।
भारतीय दल परियोजनाओं में टेलीमेट्रिक सिस्टम की स्थापना पर सहमति दिखाई लेकिन कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय विशेषज्ञों से संपर्क के बाद ही लिया जाएगा।
नाथन ने कहा कि पाकिस्तानी दल द्वारा व्यक्त की गई आपत्तियों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि दोनों पक्ष विवादों को सुलझाने में कामयाब नहीं होते हैं तो जल्द ही दूसरे दौर की बैठक आयोजित की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications