मास्को में विस्फोटों में 37 मरे, महिला आत्मघाती हमलावर जिम्मेदार (लीड-4)
समाचार एजेंसी इतरतास ने आपातकालीन मामलों से संबद्ध मंत्रालय के हवाले से जानकारी दी है कि पहला विस्फोट मध्य मास्को के लुब्यांका स्टेशन पर सुबह सात बजकर 56 मिनट पर हुआ। इस विस्फोट में 25 लोग मारे गए और 10 घायल हो गए। एक प्रवक्ता ने बताया कि मरने वालों में से 14 मेट्रो की वैगन में और 11 प्लेटफार्म पर थे। संभावित आतंकवादी घटनाओं के बाद जांचकर्ताओं ने मामले की आपराधिक जांच शुरू कर दी।
मास्को के मेयर यूरी लुझकोव ने बताया कि शुरूआती जांच में पता चला है कि विस्फोटों के लिए महिला आत्मघाती हमलावर जिम्मेदार हैं।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने पुलिस सूत्र के हवाले से जानकारी दी है कि घटनास्थल पर मिले मानव अंगों से पता चला है कि इसे महिला ने अंजाम दिया। दूसरा विस्फोट नजदीकी पार्क कुलतुरी स्टेशन पर आठ बजकर 40 मिनट पर हुआ। इस विस्फोट में कम से कम 12 लोग मारे गए और करीब इतने ही घायल हो गए।
मास्को के प्रॉसिक्यूटर यूरी सेमिन ने बताया कि लुब्यांका और कुलतुरी स्टेशन पर हुए विस्फोटों में प्रत्येक में दो-तीन किलोग्राम टीएनटी जितनी ताकत इस्तेमाल में लाई गई। सेमिन ने बताया कि विस्फोट की पहली घटना में आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक अपने शरीर से बांध रखे थे हालांकि इस बात का भी अंदेशा है कि विस्फोट संभवत: समन्वित रहे हों और शायद उन्हें सेल फोन से अंजाम दिया गया हो।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार घटनास्थल पर मौजूद संवाददाताओं का कहना है कि दोनों सबवे स्टेशनों के आसपास का यातायात दर्जनों एंबुलेंस तथा जांचकर्ताओं के वाहनों की वजह से जाम हो गया है। घायलों को हेलीकॉप्टर से ले जाया गया है।
मास्को के स्थानीय प्रशासन से संबद्ध एक अधिकारी के अनुसार ज्यादातर घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों स्टेशन एक ही सबवे रेडलाइन पर हैं, जिसे अभी बंद कर दिया गया है। रूस के प्रॉसिक्यूटर जनरल यूरी चायका विस्फोटों की जांच की निगरानी करेंगे।
उल्लेखनीय है कि छह फरवरी 2006 को मेट्रो में विस्फोट में कम से कम 41 लोग मारे गए थे और 130 से ज्यादा घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications