स्टीफन कोर्ट अग्निकांड की जांच हो : प्रणब मुखर्जी
कोलकाता, 28 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रणब मुखर्जी ने कोलकाता के स्टीफन कोर्ट इमारत में लगी भयानक आग के मामले की जांच की मांग की है।
मंगलवार को हुए अग्निकांड को हृदय विदारक बताते हुए मुखर्जी ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्या अधिकारियों द्वारा उचित सुरक्षा उपाय किए गए थे?
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इसके लिए अधिकारियों को दोषी मानते हैं? इस पर उन्होंने कहा, "सबसे पहले हम जानना चाहते हैं कि वास्तव में हुआ क्या था?"
पश्चिम बंगाल कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष मुखर्जी ने कहा, "यह पता लगाया जाना जरूरी है कि कहीं लापरवाही की वजह से तो इतनी बड़ी घटना नहीं हुई।"
इससे पहले मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल में आगामी नगर निगम के चुनावों के लिए तृणमूल कांग्रेस के साथ सहमति बनाने के उद्देश्य से अपनी पार्टी के जिलाध्यक्षों के साथ एक बैठक की।
उन्होंने कहा, "कुछ जिलों में तृणमूल के साथ तालमेल बनाने की दिशा में बातचीत पहले ही शुरू हो चुकी है जबकि कुछ जिलों में इसे अभी शुरू किया जाना है।"
अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा के चुनाव को देखते हुए कोलकाता नगर निगम और 81 नगरपालिकाओं के चुनाव सत्तारूढ़ वामदलों, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications