बीएसएफ-पाकिस्तान रेंजर्स की बैठक शुरू (लीड-1)
बीएसएफ के विशेष महानिदेशक (पश्चिम) पी.पी.एस. सिंधु भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में बीएसएफ के जम्मू, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और नई दिल्ली के बीएसएफ मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
इसके अलावा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनएसीबी) के अधिकारी भी बैठक में हिस्सेदारी कर रहे हैं।
बीएसएफ पंजाब सीमा के उप महानिदेशक जागीर सिंह ने आईएएनएस को बताया कि पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पाकिस्तानी रेंजर्स के महानिदेशक (पंजाब) मुहम्मद याकूब खान कर रहे हैं। इसमें एंटी-नारकोटिक्स फोर्स के अधिकारी भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षा निर्माण, सीमा के दोनों ओर से गोलीबारी, घुसपैठ, हथियारों और नकली नोटों की तस्करी जैसे सभी मुद्दों पर चर्चा होगी।
इससे पहले अपने पहले के रुख पर कायम रहते हुए पाकिस्तानी रेंजर्स के महानिदेशक (पंजाब) मुहम्मद याकूब खान ने रविवार को पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में तस्करी और घुसपैठ की बातों को खारिज कर दिया।
खान ने रविवार को अटारी में संवाददाताओं को बताया, "भारत के साथ लगी अंतर्राष्ट्रीय सीमा प्रभावी रूप से सुरक्षित है। भारी संख्या में सुरक्षाबलों की मौजूदगी और भारतीय सीमा की तरफ से बाड़ लगाए जाने से तस्करी और घुसपैठ करना काफी कठिन है।"
याकूब खान 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ रविवार को अटारी-बाघा चौकी से होते हुए भारत पहुंचे। खान, अमृतसर में 28 से 31 मार्च तक बीएसएफ के अधिकारियों के साथ होने वाली द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लेने आए।
खान ने कहा, "बैठक में भारत के साथ सीमा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की जाएगी। हम एक अनुकूल माहौल में तस्करी और दोनों तरफ से होने वाली घुसपैठ जैसे संवेदनशील मुद्दों पर बातचीत करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications