'माओवादियों को अपनी सेना भंग कर देनी चाहिए'
काठमांडू, 28 मार्च (आईएएनएस)। नेपाली कांग्रेस के संसदीय दल के नेता राम चंद्र पौडवाल ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी माओवादियों को सत्ता में लौटने के लिए समर्थन कर सकती है बशर्ते वे हिंसा का रास्ता छोड़ दें और अपनी सेना को भंग कर दें।
पौडवाल ने भारतीय मीडिया से कहा, "माओवादी यदि सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का प्रयास करते हैं और बहुमत साबित कर लेते हैं तो हमारी पार्टी उन्हें समर्थन देगी लेकिन माओवादियों को हिंसा का रास्ता छोड़ना होगा, अपनी सेना को भंग करना होगा और समाज की मुख्यधारा में शामिल होना होगा।"
उन्होंने कहा कि माओवादियों की राजनीतिक महत्वाकांक्षा खुलकर सामने आ गई इसलिए उनका नुकसान हुआ। उन्हें दोबारा लोगों का विश्वास जीतना होगा।
पौडवाल ने माओवादियों से कहा कि उन्हें लोगों के मन से अपने बारे में संदेह मिटाना होगा और यह साबित करना होगा कि वे अपने हितों के लिए काम नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नेपाल की जनता माओवादियों की एक समांतर सेना और गृह युद्ध जैसे हालात को नहीं बर्दाश्त कर सकती।
पौडवाल का यह बयान सत्तारूढ़ नेपाली कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल एकीकृत नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के बीच हुई बैठक के एक दिन बाद आया है।
उक्त बैठक के बाद दोनों पक्षों ने कहा कि वे शांति के लिए एक उच्चस्तरीय तंत्र की भूमिका पर सकारात्मक दिशा की ओर बढ़ रहे हैं। साथ ही संविधान का मसौदा तैयार करने की प्रक्रिया में भी सहमति बनाई जा रही है।
पौडवाल ने कहा, "संविधान का मसौदा तैयार करने की समय सीमा 28 मई है लेकिन इस समय सीमा तक इसके पूरा होने की उम्मीद हमें नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications