'अर्थ आवर' के दौरान बिजली बंद रखेंगे दिल्लीवासी
'अर्थ आवर' डब्ल्यूडब्ल्यूएफ ('वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर') की एक वैश्विक पहल है। इसके जरिए यह संदेश दिया जाएगा कि लोग जलवायु परिवर्तन के प्रति चिंतित हैं और नीति निर्माताओं को इसे अपनी प्राथमिकता बनाना चाहिए।
विश्व के अन्य 92 देशों के साथ भारत में शनिवार को रात 8.30 से 9.30 बजे तक बिजली बंद रखी जाएगी। इस दौरान सभी सरकारी इमारतों, निजी बैंकों और आईटीसी होटलों की बिजली बंद रहेगी।
भारतीय कंपनियां भी 'अर्थ आवर' के समर्थन में अपना पूरा योगदान दे रही हैं।
सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी कहते हैं, "ऐसा अनुमान है कि ग्लोबल वार्मिग से भारत सबसे ज्यादा प्रभावित होगा। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और इसके सदस्य न केवल इस चुनौती की गंभीरता को समझ रहे हैं बल्कि इससे निपटने के लिए समर्पित भी हैं।"
बनर्जी ने कहा कि सीआईआई 'अर्थ आवर' को समर्थन देता है और सभी व्यापारियों और नागरिकों से इस अभियान में शामिल होने का अनुरोध करता है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने सभी से इस अभियान में शामिल होने की अपील की है।
दीक्षित कहती हैं, "जब भारत 'अर्थ आवर 2009' के समय इस वैश्विक अभियान में शामिल हुआ था तो दिल्ली से ही यह शुरुआत हुई थी। कई ऐतिहासिक इमारतों, कार्यालय परिसरों, निवास कल्याण संघों (आरएएस), खरीददारी केंद्रों और होटलों में इस अभियान के समर्थन में बिजली बंद रखी गई थी और परिणामस्वरूप केवल दिल्ली में ही 750 मेगावाट बिजली की बचत हुई थी।"
बॉलीवुड अभिनेता और 'अर्थ आवर' की इस पहल के ब्रांड एम्बेस्डर अभिषेक बच्चन ने भी लोगों से इस अभियान में शामिल होकर शनिवार रात 8.30 से 9.30 बजे तक बिजली बंद रखने के लिए कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications