'अर्थ ऑवर' के दौरान दिल्ली ने बंद रखी बिजली (लीड-1)

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। जलवायु जागरूकता की एक वैश्विक पहल के तहत दिल्लीवासियों ने 'अर्थ आवर' के दौरान शनिवार रात घड़ी में 8.30 बजते ही एक घंटे के लिए बिजली बंद कर दी।

'अर्थ आवर' डब्ल्यूडब्ल्यूएफ ('वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर') की एक वैश्विक पहल है। इसके जरिए यह संदेश दिया गया कि लोग जलवायु परिवर्तन के प्रति चिंतित हैं और नीति निर्माताओं को इसे अपनी प्राथमिकता बनानी चाहिए।

विश्व के अन्य 92 देशों के साथ ही भारत में भी शनिवार को रात 8.30 से 9.30 बजे तक बिजली बंद रखी गई। इस दौरान सभी सरकारी इमारतों, निजी बैंकों और आईटीसी होटलों की बिजली बंद रही।

भारतीय कंपनियों ने भी 'अर्थ ऑवर' के समर्थन में अपना पूरा योगदान दिया है।

दिल्ली के तमाम लोगों ने बिजली बचाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाने के लिए कैंडललाइट मुलाकातों का कार्यक्रम आयोजित किया।

जनसंचार की एक छात्रा निश्ता शर्मा उनमें से एक रहीं। शर्मा ने अपने मित्रों के लिए एक कैंडललाइट पार्टी आयोजित की।

शर्मा ने कहा, "मैंने अपनी टेरेस पर एक कैंडललाइट पार्टी आयोजित की और अपने कई सारे मित्रों को आमंत्रित किया। यह एक रोमांचक शाम थी। हमने धरती के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाने के साथ ही आनंद भी उठाया।"

सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा है, "ऐसा अनुमान है कि ग्लोबल वार्मिग से भारत सबसे ज्यादा प्रभावित होगा। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और इसके सदस्य न केवल इस चुनौती की गंभीरता को समझ रहे हैं बल्कि इससे निपटने के लिए समर्पित भी हैं।"

बनर्जी ने कहा कि सीआईआई ने 'अर्थ ऑवर' को अपना समर्थन दिया और सभी व्यापारियों और नागरिकों से इस अभियान में शामिल होने का अनुरोध किया।

बीएसईएस के अधिकारियों के अनुसार जिन इलाकों में वे बिजली की आपूर्ति करते हैं, 'अर्थ ऑवर' के कारण उन इलाकों में 165 मेगावाट की बिजली की बचत हुई है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भी सभी से इस अभियान में शामिल होने की अपील की थी।

दीक्षित ने कहा था, "जब भारत 'अर्थ ऑवर 2009' के समय इस वैश्विक अभियान में शामिल हुआ था तो दिल्ली से ही यह शुरुआत हुई थी। कई ऐतिहासिक इमारतों, कार्यालय परिसरों, निवास कल्याण संघों (आरएएस), खरीददारी केंद्रों और होटलों में इस अभियान के समर्थन में बिजली बंद रखी गई थी और परिणामस्वरूप केवल दिल्ली में ही 750 मेगावाट बिजली की बचत हुई थी।"

बॉलीवुड अभिनेता और 'अर्थ ऑवर' की इस पहल के ब्रांड एम्बेस्डर अभिषेक बच्चन ने भी लोगों से इस अभियान में शामिल होकर शनिवार रात 8.30 से 9.30 बजे तक बिजली बंद रखने के लिए कहा था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+