मिशन 2012 कांग्रेस का नहीं मीडिया का नारा : राहुल (लीड-1)
अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर राहुल ने शविवार को गौरीगंज में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए मिशन 2012 को मीडिया की उपज बताया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, "हम पूरे जोश के साथ 2012 के विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और सरकार बनाएंगे। हमारा मिशन उत्तर प्रदेश की राजनीति को बदलना और समूचे राज्य को विकास के पथ पर लाना है।"
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने संवाददाताओ को बताया कि कांग्रेस महासचिव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी दलों के लोगों ने महात्मा गांधी रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) योजना के महत्व को सराहा और माना कि इसमें सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जितना गरीबों को मिलना चाहिए था उतना नहीं मिल पा रहा है।
सिंह के मुताबिक राहुल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर जरुरतमंद और गरीबों को इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलवाने के लिए लड़ाई लड़ें।
राहुल ने कहा कि केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश की जितनी मदद की उतनी किसी दूसरे राज्य को नहीं की। फिर भी यहां कल्याणकारी योजनाओं का बुरा हाल है। इससे साफ होता कि केंद्र के पैसे का यहां सही उपयोग नहीं हो रहा है।
कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की रीढ़ बताते हुए राहुल ने कहा कि उनके प्रयासों की बदौलत ही बीते लोकसभा चुनावों में पार्टी ने प्रदेश में शानदार प्रदर्शन किया।
राहुल ने तिलोई क्षेत्र का भी दौरा किया। वहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के साथ-साथ दो शोक संतृप्त परिवार के लोगों से भी भेंट की और अपनी संवेदनाएं भी प्रकट कीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications