जम्मू एवं कश्मीर में लश्कर के 12 आतंकी ढेर (राउंडअप)
सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि कुपवाड़ा जिले में बुधवार से शुरू हुई मुठभेड़ में आठ आतंकी मारे गए थे। जबकि चार आतंकी शनिवार को जम्मू क्षेत्र में मारे गए हैं।
सेना की 15वीं कोर के ब्रिगेडियर गुरमीत सिंह ने श्रीनगर में कहा कि मुठभेड़ उस समय शुरू हुई, जब सशस्त्र पाकिस्तानी आतंकियों के एक समूह ने नियंत्रण रेखा से लगे भारतीय क्षेत्र के केरान सेक्टर में बुधवार को घुसपैठ की कोशिश की।
सिंह ने कहा कि इस अभियान में अभी तक आठ आतंकी मारे जा चुके हैं।
एक अन्य घटना में शनिवार को सुरक्षा बलों ने लश्कर के शीर्ष कमांडर रहीमुल्ला उर्फ सैफुल्ला और उसके साथी निसार को मार गिराया। यह मुठभेड़ किश्तवाड़ जिले के मालू नुल्ला में हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हसीब मुगल ने कहा, "सुरक्षाबलों के लिए यह बहुत बड़ी सफलता है और आतंकवादी संगठन, लश्कर-ए-तैयबा के लिए बहुत बड़ा झटका है।"
पुलिस के अनुसार सैफुल्ला डोडा और किश्तवाड़ जिलों में लश्कर के लिए युवाओं की भर्ती के काम में सक्रिय था।
एक अन्य मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने राजौरी जिले के धरमशाल इलाके में दो आतंकवादियों को मार गिराया। 16वीं कोर के ब्रिगेडियर गुरदीप सिंह ने आईएएनएस को बताया कि मुठभेड़ अभी जारी है।
गौरतलब है कि इस वर्ष सेना ने मुठभेड़ के दौरान कम से कम 21 आतंकवादियों को मार गिराया है।
पुलिस महानिरीक्षक (जम्मू परिक्षेत्र) अशोक गुप्ता ने आईएएनएस को बताया कि सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और तेज कर दिया है। यह अभियान सुरक्षाबलों के आपसी तालमेल का नतीजा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications