जड़ी-बूटियों से बनी दवा से कम लगेगी भूख!
लंदन, 27 मार्च (आईएएनएस)। मोटापे की समस्या से जूझ रही महिलाओं के पास अब अपनी चर्बी घटाने और छरहरी काया पाने का एक और उपाय है। एक नए शोध से पता चला है कि जड़ी-बूटियों से निर्मित एक दवा लेने से महिलाएं अपनी भूख को पांचवें हिस्से तक घटा सकती हैं।
यह भी देखा गया है कि यह दवा मीठी चीजें पसंद करने वाली महिलाओं में इन चीजों के प्रति आकर्षण कम कर सकती है।
लिवरपूल विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने तीन दक्षिण अमेरिकी पौधों से बनी दवा 'जोट्रिम' पर प्रयोग किए थे।
वेबसाइट 'डेलीमेल डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक वैज्ञानिकों ने पाया कि जो महिलाएं सुबह नाश्ते के समय 'जोट्रिम' लेती हैं उन्हें दोपहर के भोजन के समय कम भूख लगती है और वह 17.6 प्रतिशत तक कम कैलोरी लेती हैं।
वैज्ञानिकों ने 58 लोगों पर यह अध्ययन किया था। उन्हें सुबह के समय 'जोट्रिम' या उसी तरह की कोई अन्य दवा दी गई थी।
जिन लोगों ने 'जोट्रिम' दवा ली उन्होंने औसतन 132 कैलोरी कम ग्रहण की। यह दवा एक व्यक्ति की प्रतिदिन 400 या 500 कैलोरी की जरूरत कम कर देती है।
'जोट्रिम' लेने से लोगों को भूख महसूस नहीं होती और वह तृप्त महसूस करते हैं और उन्हें मीठी चीजें भी कम पसंद आती हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक महिलाओं के बिस्कुट व चॉकलेट खाने में 27 प्रतिशत तक की कमी आ जाती है।
अध्ययनकर्ता डॉ. जेसन हाल्फोर्ड कहते हैं कि 'जोट्रिम' का भूख पर गहरा असर होता है और इससे वजन कम करने में मदद मिलती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications