अमेरिकी उड्डयन कंपनियों को भारत में निवेश का न्योता
वाशिंगटन, 27 मार्च (आईएएनएस)। भारत ने अमेरिकी उड्डयन कंपनियों को निर्माण इकाइयां स्थापित करने और हवाई अड्डों जैसे उड्डयन क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में निवेश का न्यौता दिया है।
भारत के नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने अमेरिकी वाणिज्य मंत्री गैरी लॉक और परिवहन मंत्री रे लाहूड से गुरुवार को कहा अमेरिका को निर्यात नियंत्रण व्यवस्था के उदारीकरण के लिए भी संभावनाएं तलाशनी चाहिए।
लॉक और लाहूड ने पटेल से कहा कि अमेरिकी कंपनियां भारत के उड्डयन क्षेत्र के विकास से बहुत प्रभावित हैं और इस विकास में भागीदारी के लिए भी इच्छुक हैं।
पटेल ने यह भी कहा कि इन कंपनियों को भारत में केवल निर्यात के अलावा दीर्घ-अवधि की प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए। साथ ही निर्माण इकाइयां स्थापित करने और हवाई अड्डों में निवेश की संभावनाएं खोजनी चाहिए।
दोनों पक्षों यह स्वीकार किया है कि वर्ष 2005 में खुला आकाश समझौते के बाद दोनों देशों के बीच हवाई यातायात में बढ़ोतरी हुई है।
द्विपक्षीय व्यापार में नागरिक उड्डयन क्षेत्र बहुत तेजी से उभरा है। अमेरिका से होने वाले कुल निर्यात में 15 फीसदी हिस्सा इसी क्षेत्र का है।
पटेल ने दोनों मंत्रियों गैरी लॉक और रे लाहूड को भारत आने का न्योता भी दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications