सी लिंक विवाद : बाल ठाकरे कांग्रेस की 'नादानी' पर बिफरे
प्रसिद्ध अभिनेता को 'सच्चा राष्ट्रवादी' करार देते हुए ठाकरे ने कांग्रेस पर जमकर हमले किए और कहा कि उसे इस अभिनेता से एलर्जी है।
बिग बी पर उठे विवाद को ठाकरे ने शिवसेना के मुखपत्र सामना में नादानी करार देते हुए कहा कि बच्चन एक चोर, डाकू या आतंकवादी नहीं हैं, जिनके साथ दूरी रखी जाए।
उन्होंने कहा, "यह महज इसलिए हो रहा है क्योंकि बच्चन गुजरात के ब्रांड एंबेस्डर हैं और इससे पहले वह उत्तर प्रदेश के ब्रांड एंबेस्डर थे। यह उस कांग्रेस द्वारा हो रहा है जिसने सोनिया गांधी को अपना ब्रांड एंबेस्डर बनाया, जिन्होंने राजीव गांधी से विवाह के 17 वर्ष बाद भारत की नागरिकता ग्रहण की।"
ठाकरे ने कहा कि बच्चन सच्चे राष्ट्रवादी हैं और देश के लिए सब कुछ बलिदान कर सकते हैं लेकिन कांग्रेस को शाहरुख खान में अधिक रुचि है जो भारतीय प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की हिस्सेदारी के समर्थक हैं।
सेना प्रमुख ने कहा कि राजनीतिज्ञों के विपरीत बच्चन, लता मंगेशकर, सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर ने अपने क्षेत्रों में शीर्ष स्थान योग्यता और कड़ी मेहनत के दम पर हासिल किया। वे अपनी कुर्सी बचाने के लिए कुछ पार्टी नेताओं पर निर्भर नहीं हैं। इन हस्तियों को कोई नहीं हिला सकता। परंतु कोई नहीं जानता की अशोक चव्हाण और उनके जैसे लोगों को कब राजनीतिक कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा।
ठाकरे ने समारोह में बच्चन को आमंत्रित करने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे आयोजन की गरिमा बढ़ी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications