पूछताछ के बाद व्यक्ति लापता

पूछताछ के बाद व्यक्ति लापता

उमर फ़ारूक़

बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद

गुजरात के सोहराबुद्दीन शेख़ और उनकी पत्नी कौसर बी की पुलिस के हाथों एक फ़र्ज़ी मुठभेड़ में मारे जाने की छानबीन करने वाले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को हैदराबाद में एक महिला सलीमा बी की तलाश है.

इस महिला के बारे में पुलिस को संदेह है कि उन्होंने पति-पत्नी को मारने में पुलिस की मदद की थी.

जिस महिला की पुलिस की खोज है वो एक भूतपूर्व नक्सली और पुलिस के मुख़बिर नईम की पत्नी है.

लेकिन सीबीआई को उस समय मायूसी हाथ लगी जब इस महिला का दामाद मोहम्मद फ़हीम दो दिन पहले अचानक लापता हो गया.

सीबीआई का एक दल पिछले एक सप्ताह से फ़हीम से पूछताछ कर रहा था और यह पता लगाने की कोशिश में था कि अब वो महिला कहाँ है.

फ़हीम राज्य सरकार का एक कर्मचारी है. मंगलवार को सीबीआई की पूछताछ से वापस आने के बाद से वो लापता है. उसकी पत्नी का कहना है कि वो रात साढ़े दस बजे दवा लेने गए और फिर वापस नहीं लौटे.

फ़हीम की पत्नी ने अपने पति के लापता होने की शिकायत पुलिस के अलावा राज्य मानव अधिकार आयोग में भी दर्ज करवाई है.

फ़हीम की पत्नी का आरोप है कि उसका पति सीबीआई की हिरासत में है. लेकिन सीबीआई के पांच सदस्यीय दल का नेतृत्व करने वाले अधिकारी ने इसका खंडन किया है.

उन्होंने माना की सीबीआई उससे पूछताछ कर रही थी, लेकिन उसे घर वापस जाने की अनुमति दे दी गई थी.

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या फ़हीम के लापता हो जाने में नईम का भी तो हाथ नहीं है.

सीबीआई का ये दल पिछले दस दिन से हैदराबाद में पड़ाव डाले हुए है, क्योंकि सोहराबुद्दीन मामले की जड़ें हैदराबाद में हैं.

गुजरात पुलिस के एक दल ने सोहराबुद्दीन और कौसर बी को उस समय अपनी हिरासत में लिया था जब वो हैदराबाद में छुट्टी मानाने के बाद बस पर हैदराबाद से महाराष्ट्र के नगर सांगली जा रहे थे.

इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी और बस के ड्राइवर मिस्बाहुद्दीन ने बीबीसी को बताया कि ख़ुद को पुलिस वाले बताने वाले यह लोग मुंह पर नकाब ओढ़े हुए थे और उन्होंने बस रोकने के बाद उसे अपनी जगह से हिलने नहीं दिया.

बाद में गुजरात पुलिस ने दावा किया था कि सोहराबुद्दीन का लश्कर-ए-तैबा से संबंध था और वो एक मुठभेड़ में मारा गया.

इस घटना के बाद कौसर बी का कोई पता नहीं चल सका और बहुत दिनों बाद में छानबीन में यह बात सामने आई की गुजरात पुलिस के अधिकारियों ने एक फ़ार्म हाउस में कौसर बी की भी हत्या कर दी थी और उसके शव को जला दिया था.

आरोप है कि सोहराबुद्दीन और उसके पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने सारी साज़िशें हैदराबाद में रची थीं और इसमें हैदराबाद की पुलिस भी शामिल थी.

जैसे जैसे सीबीआई की जांच आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे हैदराबाद में उच्च पुलिस अधिकारियों की चिंताएं भी बढ़ रही हैं. उनपर भी क़ानून का शिकंजा कसता जा रहा है.

उल्लेखनीय है कि सोहराबुद्दीन और कौसर बी की हत्या के मामले में गुजरात पुलिस के विवाधास्पद डीआईजी वंजारा, नरेंद्र कुमार अमीन और अन्य कई अधिकारी पहले ही से जेल में हैं.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+