छत्तीसगढ़: 'ग्रीन हंट' में मारे गए 90 नक्सली
रायपुर। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने बताया कि सरकार के नक्सल विरोधी 'ग्रीन हंट' अभियान में 90 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। जबकि उनके 12 शिविरों को नष्ट कर दिया गया है। कंवर ने ये विवरण विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान दिया "'ग्रीन हंट' अभियान के तहत राज्य के बस्तर क्षेत्र में इस साल 27 फरवरी तक 90 से ज्यादा नक्सली मारे गए और उनके 12 शिविरों को नष्ट किया गया।"
कंवर ने यह नहीं बताया कि राज्य में यह अभियान कब से शुरू हुआ था। उन्होंने भाजपा के सहयोगी देवजीभाई पटेल के उस प्रश्न को भी नजरअंदाज किया जिसमें उन्होंने पूछा था कि 'ग्रीन हंट' अभियान के दौरान कितने पुलिसकर्मी मारे गए।
जब पटेल ने मारे गए पुलिसकर्मियों की संख्या जानने के लिए दबाव बनाया तो कंवर ने कहा, "यह तय है कि उनकी संख्या केवल कुछ थी.. अब राज्य की स्थिति पहले की अपेक्षा बहुत बेहतर है। पहले स्थिति यह थी कि पुलिसकर्मी नक्सलियों को नुकसान पहुंचाए बिना मारे जाते थे।"
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 'ग्रीन हंट' अभियान वर्ष 2009 के सितंबर-अक्टूबर में शुरू हुआ था और अभियान के दौरान नक्सलियों के 12 शिविर नष्ट किए गए। ये शिविर 40,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले बस्तर के नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में थे।













Click it and Unblock the Notifications