भारत-पाक के बीच वार्ता को प्रोत्साहित करता रहेगा अमेरिका (लीड-1)
वाशिंगटन, 25 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने से इंकार करते हुए कहा है कि वह दोनों दक्षिण एशियाई देशों के बीच कश्मीर सहित अन्य सभी मुद्दों पर वार्ता को प्रोत्साहित करता रहेगा, हालांकि वार्ता की रूपरेखा दोनों देशों के नेताओं को तय करनी है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मार्क टोनर ने बुधवार को पत्रकारों से कहा, "हमने भारत-पाकिस्तान के बीच कश्मीर सहित सभी मुद्दों पर बातचीत और अच्छे संबंध का स्वागत किया है।"
पाकिस्तान द्वारा अमेरिका से कश्मीर मुद्दे पर और 'सकारात्मक' पहल करने की अपील से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, "लेकिन वार्ता की गति, संभावना और कारकों के बारे में निश्चित तौर पर भारत और पाकिस्तान के नेताओं को फैसला करना है।"
टोनर के अलावा अमेरिकी प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक अमेरिका ने पाकिस्तान की सभी बातों को ध्यान पूर्वक सुना है। इसमें भारत के साथ हुए परमाणु समझौते की तरह पाकिस्तान के साथ समझौते की बात भी शामिल हैं। ये सभी मुद्दे विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के विचाराधीन है, ऐसे में किसी तरह का अनुमान लगाना उचित नहीं होगा।
इससे पहले बुधवार सुबह अमेरिका के साथ बातचीत शुरू होने के साथ पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कश्मीर मुद्दे के हल के लिए अमेरिका से सकारात्मक भूमिका निभाने की सार्वजनिक अपील की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications