भाजपा पदाधिकारियों की बैठक अब 8 अप्रैल को
पार्टी मुख्यालय के प्रभारी श्याम जाजू ने आईएएनएस को बताया कि बैठक पहले दो अप्रैल को होने वाली थी लेकिन महाराष्ट्र पार्टी इकाई के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए राज्य परिषद की बैठक भी इसी दिन होने से बैठक को स्थगित कर दिया गया।
जाजू ने कहा कि महाराष्ट्र भाजपा परिषद की बैठक में गडकरी भी उपस्थित रहेंगे क्योंकि नया अध्यक्ष उनके स्थान पर ही राज्य अध्यक्ष का पद संभालेगा।
पार्टी पदाधिकारी आठ अप्रैल की बैठक में महंगाई विरोधी आंदोलन और दिल्ली में 21 अप्रैल को होने वाली रैली के बारे में चर्चा करेंगे।
गडकरी द्वारा 16 मार्च को नए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा के बाद यह उनकी पहली बैठक है।
इस बैठक में अन्य वरिष्ठ नेताओं के अलावा लालकृष्ण आडवाणी, लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज और राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली भी उपस्थित रहेंगे।
भाजपा की महंगाई के खिलाफ नई दिल्ली में 21 अप्रैल को बड़ी रैली करने की योजना है और लोगों को प्रेरित करने के बारे में बैठक में चर्चा होने की उम्मीद है।
बैठक में पार्टी के भविष्य के कार्यक्रमों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। इस बैठक के बाद ही गडकरी पदाधिकारियों के बीच कार्यो का विभाजन करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications