भारतीय शिल्प व हथकरघा की ओर लौटे तरुण ताहिलियानी
नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। डिजाइनर तरुण ताहिलियानी ने गुरुवार से शुरू हुए 'विल्स लाइफस्टाइल इंडिया फैशन वीक' (डब्ल्यूआईएफडब्ल्यू) में प्रस्तुत किए गए अपने डिजाइनर परिधानों से एक बार फिर भारतीय शिल्प और हथकरघा की ओर वापसी की है। वह कहते हैं कि उन्होंने खुद को भारतीय हथकरघा से दूर कर लिया था लेकिन अब उन्हें लगता है कि इस ओर लौटना बेहद जरूरी है।
ताहिलियानी ने हथकरघा को प्रोत्साहित करने के मकसद से फैशन सप्ताह के लिए खुद के द्वारा डिजाइन किए हुए दुल्हन के लिबासों में हथकरघा, रेशमी काम, कांथा, चिकन, बांधिनी और छापा कला का खूबसूरत इस्तेमाल किया है।
ताहिलियानी ने आईएएनएस से कहा, "इन दिनों मैं दुल्हन की पोशाकों पर काम कर रहा हूं। मैं इन दिनों अच्छा महसूस नहीं कर रहा हूं। हमारे बहुत से बुनकर आत्महत्याएं कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि यह अच्छी बात है। मुझे कहना पड़ता है कि हम भारतीय हथकरघा से दूर हो गए हैं। इसकी वजह यह है कि हथकरघा का काम बहुत मुश्किल है लेकिन मैंने एक बार फिर इस ओर वापसी की है।"
ताहिलियानी ने फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के विवाह की पोशाक तैयार की थी। वह कहते हैं कि भारतीय हथकरघा का इस्तेमाल आसान नहीं है और इसलिए फैशन उद्योग के कई लोग इसके इस्तेमाल से दूर रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications