अगवा छात्र का शव अलीगढ़ में मिला, 3 गिरफ्तार (लीड-2)
बीते शनिवार को 20 वर्षीय रोहित सिंह को अगवा कर लिया गया था। उसका शव गुरुवार को अलीगढ़ में बरामद किया गया था। वह एमिटी से बी-टेक की पढ़ाई कर रहा था।
नोएडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों को मीडिया के सामने पेश किया। उन्होंने कहा कि तीनों ने 20 मार्च को नोएडा सेक्टर 46 से रोहित को अगवा किया था।
कुमार ने कहा कि अगवा करने के बाद रोहित को पानीपत ले जाया गया और अलीगढ़ स्थित उसके परिवार वालों से एक करोड़ रुपये फिरौती की मांग की गई।
गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों की पहचान विवेक पटेल, सौरभ पंजाबी (दोनों अलीगढ़ निवासी) और विशाल सचदेवा (पानीपत निवासी) के रूप में हुई है। विशाल अलीगढ़ के पूर्व विधायक इंद्रपाल सिंह का नाती है।
कुमार ने कहा कि रोहित के परिवार वालों की ओर से फिरौती नहीं मिलने पर तीनों ने पानीपत में उसकी हत्या कर दी और शव को अलीगढ़ में एक नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने मोबाइल फोन के रिकार्ड और बरामद कार व बंदूक के आधार पर तीनों को गिरफ्तार किया। इस संबंध में नोएडा सेक्टर 39 पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications