बिहार में पटरी उड़ाने के आरोप में 7 नक्सली गिरफ्तार
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि पुलिस ने सातों नक्सलियों को गया जिले के परैया थाना क्षेत्र स्थित बचरिया गांव से उस समय गिरफ्तार किया जब वे किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
नीलमणि ने बताया कि गया जिले में पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) के नेतृत्व में नक्सलियों के खिलाफ गहन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है तथा उनकी निशानदेही पर छापेमारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों के दो दिवसीय बिहार सहित छह राज्यों में बंद के आह्वान के दौरान 22 मार्च को मुगलसराय रेल मंडल के गया-मुगलसराय रेल खंड पर कास्ठा परहिया रेलवे स्टेशन के नजदीक नक्सलियों ने रेल पटरी उड़ा दी थी, जिससे भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के सात डिब्बे पटरी से उतर गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications