जानवरों के लिए लंदन से दिल्ली की सड़क यात्रा
नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। आईटी सलाहकार तुषार अग्रवाल और उनकी पत्नी पूजा एक रोमांचक अनुभव और जानवरों के कल्याण के लिए कोष इकट्ठा करने के उद्देश्य से अगले महीने लंदन से दिल्ली तक की 13,500 किलोमीटर की सड़क यात्रा करेंगे।
तुषार कहते हैं कि वह लंबे समय से यह यात्रा करना चाहते थे। इस यात्रा की पूरी तैयारी खुद तुषार ने की है और इसके लिए उन्होंने कोई मदद नहीं ली है।
लंदन में रहने वाले 29 वर्षीय तुषार ने एक ई-मेल के जरिए आईएएनएस को बताया, "बचपन से ही मैं पिता के साथ सड़क यात्राओं पर जाता रहा हूं। उनका सपना था कि वह दुनियाभर में सड़क मार्ग से यात्रा करें। मुझे लगता है कि उनका सपना अब मुझे पूरा करना है। पिछले साल जनवरी में मेरे दिमाग में लंदन से दिल्ली की इस यात्रा का विचार आया था और अब मैं यह यात्रा शुरु करने जा रहा हूं।"
अग्रवाल दंपत्ति अपनी वेबसाइट ('लंदन देहली बाई रोड डॉट कॉम') के माध्यम से जानवरों के लिए मौद्रिक कोष इकट्ठा करना चाहते हैं। इसके साथ ही वह अपनी यात्रा के दौरान विभिन्न देशों से भी जानवरों के कल्याण के लिए आर्थिक मदद चाहते हैं।
तुषार और पूजा की यह यात्रा 17 अप्रैल को शुरू होगी और नौ जून को समाप्त होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications