मुंबई में जनगणना रोकने की अपील
उत्तर मुंबई के सांसद निरुपम ने मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को लिखे एक पत्र में कहा है कि जनगणना उस समय होगी जब लाखों उत्तर भारतीय और कोंकणवासी गर्मी की छुट्टी मनाने अपने मूल निवास गए होंगे।
निरुपम ने कहा, "अगर मई-जून के महीने में जनगणना होती है तो स्वाभाविक तौर पर छुट्टी मनाने घर गए लोग दस्तावेज में दर्ज होने से वंचित रह जाएंगे। यह इनके साथ अन्याय होगा।"
उन्होंने चव्हाण से इस मसले को केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम और जनगणना आयुक्त के सामने उठाने का आग्रह किया है, जिससे मुंबई में जनगणना के कार्यक्रम को रोका जा सके।
निरुपम ने कहा कि इस जनगणना में महत्वपूर्ण आकड़े इकट्ठे किए जाएंगे। संभवत: इसका इस्तेमाल सभी भारतीयों के लिए बनाई जा रही विशिष्ट पहचान संख्या तैयार करने में किया जाएगा।
करीब 1.3 करोड़ की आबादी वाले मुंबई में 80 लाख लोग तटीय कोंकण क्षेत्र, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, गुजरात, राजस्थान और दक्षिण भारत के राज्यों से आकर बसे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications