नवरात्र व्रत रख रहे हैं मुस्लिम कैदी
असित श्रीवास्तव
बाराबंकी, 23 मार्च (आईएएनएस)। जिला जेल में बंद कई मुस्लिम कैदी भी नवरात्र व्रत रख रहे हैं। इन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता कि यह हिंदुओं का त्योहार है। ये लोग भजन गा रहे हैं, यज्ञ कर रहे हैं क्योंकि इनका विश्वास है कि नवरात्र के दौरान माता इनकी प्रार्थना जरूर सुनेंगी।
जिला जेल के अधीक्षक एल. एन. दोहरे ने कहा, "यह निश्चित रूप से दैवीय कृपा है। जब कोई इन्हें हिंदुओं के साथ आरती करते और भजन गाते सुनता है तो वह भूल जाता है कि यह सब जेल के अंदर हो रहा है।"
उन्होंने कहा, "हमारे कई कर्मचारी खासतौर पर सुबह प्रार्थना और यज्ञ में शामिल होने के लिए जेल के भीतर आ जाते हैं।"
उप जेलर रित्विक प्रियदर्शी ने आईएएनएस को टेलीफोन पर बताया, "यहां करीब 30 मुस्लिम कैदी नवरात्र में व्रत रख रहे हैं। भगवान में यह आस्था सचमुच आश्चर्यजनक है। इन कैदियों में ज्यादातर को हत्या, नशीले पदार्थो की तस्करी, अपहरण और अन्य गंभीर अपराधों के लिए सजा हुई है। यह प्रयास सांप्रदायिक सौहार्द बढ़ाने में भी मददगार है।"
प्रियदर्शी के अनुसार जब से नवरात्र शुरू हुआ है तब से ये कैदी सुबह जल्दी उठते हैं और यज्ञ और आरती जैसे अनुष्ठान करते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, कुछ मुस्लिम कैदियों ने नवरात्र व्रत रखने की इच्छा जेल अधिकारियों के सामने रखी थी। शुरुआत में तो इस पर सबको आश्चर्य हुआ लेकिन बाद में इनके व्रत के लिए सारी व्यवस्था की गई।
व्रत रखने वाले कैदियों को 500 ग्राम उबला हुआ आलू, 250 ग्राम दूध, 100 ग्राम चीनी, दो केले और एक कप चाय दिया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सíवस।












Click it and Unblock the Notifications