नक्सलियों ने की पुलिसकर्मी की हत्या, रेल पटरियों को उड़ाया (राउंडअप)
पटरी उड़ाए जाने के कारण गया जिले में भुवनेश्वर से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। इस कारण इस मार्ग पर रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। अधिकारियों के मुताबिक बुधवार सुबह तक इस मार्ग पर यातायात सुचारू किया जा सकेगा।
झारखण्ड के सरेइकेला-खर्सावान जिले में सुबह करीब 1.30 बजे नक्सलियों ने एक पुलिस गश्ती दल पर हमला कर दिया, जिसमें एक जवान की मौत हो गई।
नक्सलियों ने पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक नेता हेमंत प्रधान की हत्या कर दी।
बिहार के गया जिले में पटरी को उड़ा दिए जाने के कारण तीन रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया जबकि 17 रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के आठ डिब्बे परैया और काष्टा रेलवे स्टेशनों के बीच सोमवार रात पटरी से उतर गए।
रेलवे महानिरीक्षक एस. के. भारद्वाज ने आईएएनएस को बताया, "इंजन सहित आठ डिब्बे पटरी से उतर गए। नक्सलियों द्वारा लगभग चार मीटर तक पटरी उड़ाने की वजह से यह हादसा हुआ।" घटनास्थल से एक पर्चा बरामद किया गया है जिसमें नक्सलियों ने घटना की जिम्मेदारी ली है।
रेलवे कर्मचारी मरम्मत कार्यो में जुटे हुए हैं। चिकित्साकर्मियों और इंजीनियरों का एक दल घटना स्थल पर पहुंच चुका है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि तीन रेलगाड़ियों पटना-रांची जनशताब्दी, गया-डेहरी ओन सोन और पटना डेहरी ओन सोन को रद्द कर दिया गया है। 17 रेलगाड़ियों के मार्गो में बदलाव किया गया है।
उधर, पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले के कुलडीहा गांव में नक्सलियों ने माकपा के स्थानीय नेता हेमंत प्रधान की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रधान का सोमवार रात लगभग 15 सशस्त्र नक्सलियों ने अपहरण कर लिया था। मंगलवार को उनका शव मिला।
राज्य में नक्सलियों ने गिधनी और खाटकूड़ा स्टेशनों के बीच बारूदी सुंरग से रेल की पटरियों को उड़ा दिया। रेलवे की संपत्ति को इससे भारी नुकसान पहुंचा है।
दक्षिण पूर्व रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि इससे कई रेलगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कुछ रेलगाड़ियों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है।
उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले में सोमवार देर रात नक्सलियों ने एक पटरी को विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया। इस वजह से एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई।
एक अधिकारी के अनुसार नक्सलियों ने बिशरा रेलवे स्टेशन के निकट पटरी उड़ाई। इससे हावड़ा-मुंबई रेलमार्ग प्रभावित हुआ है। रेलवे कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। मालगाड़ी के तीन डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए।
वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्यिक प्रबंधक वी. के. श्रीवास्तव ने बताया, "नक्सलियों ने सोमवार देर रात लगभग 1.30 बजे इस घटना को अंजाम दिया। इस घटना के कारण एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।"
घटना के बाद लंबी दूरी की कई रेलगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं। तीन एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया और कई रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन भी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने बिहार, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश सहित महाराष्ट्र के कुछ जिलों में दो दिवसीय बंद का आह्वान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications