आस्ट्रेलिया में भारतीय द्वारा शुरू किया गया कॉलेज बंद
मेलबॉर्न, 23 मार्च (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया में एक भारतीय द्वारा शुरू किए गए कॉलेज के बंद हो जाने के बाद कई भारतीयों सहित हजारों अंतर्राष्ट्रीय छात्र अपने भविष्य के प्रति चिंतित हैं।
सिडनी स्थित 'आस्टेक इंस्टीट्यूट फॉर फरदर स्टडीज' ने पिछले सप्ताह स्वत: ही संस्थान बंद करने का निर्णय लिया था, जिसके बाद करीब 750 अंतर्राष्ट्रीय छात्रों को अपना भविष्य अनिश्चित दिखाई दे रहा है।
टैक्सी चालक से उद्यमी बने खड़क सिंह बाजवा इस कॉलेज के मालिक हैं। आस्ट्रेलिया में लगातार बंद हो रहे शैक्षिक संस्थानों में यह कॉलेज एक और नाम है। शैक्षिक संस्थानों के बंद होने से आस्ट्रेलिया की नियामक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
आस्टेक इंस्टीट्यूट के ज्यादातर छात्र भारतीय हैं। इसके अलावा अन्य दक्षिण एशियाई देशों के छात्र भी इसमें पढ़ते हैं।
न्यू साउथ वेल्स अधिकारियों ने पिछले वर्ष के अंत में एशफील्ड स्थित संस्थान का पंजीकरण रद्द करने के लिए एक नोटिस दिया था। इसकी वजह यह थी कि संस्थान ने करीब 1,400 अंतर्राष्ट्रीय छात्रों को प्रवेश दिया था जबकि केवल 124 विदेशी छात्रों को ही प्रवेश दिए जाने की अनुमति है।
संस्थान द्वारा पिछले साल दिसम्बर में एक अपील दायर करने के बाद संस्थान को चालू रखने की इजाजत दी गई थी। बाद में संस्थान के निदेशकों ने इसे स्वत: बंद करने का निर्णय ले लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications